समस्तीपुर/खानपुर: जिले के खानपुर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान से एक करोड़ रुपये से अधिक के सोना-चांदी की लूट से इलाके में सनसनी फैल गई।

वारदात के बाद आक्रोशित लोगों ने आगजनी कर सड़क जाम कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

जानकारी के अनुसार, श्रीपुरगाहर पूर्वी पंचायत के गाहर चौक स्थित प्रियंका ज्वेलरी दुकान में शुक्रवार को तीन नकाबपोश बदमाश ग्राहक बनकर घुसे।

दुकान संचालक भोला साह को पिस्टल दिखाकर बंधक बना लिया और करीब 20 किलो चांदी तथा तीन किलो सोना लूट लिया। विरोध होने पर बदमाशों ने चार से पांच राउंड हवाई फायरिंग की और बाइक से रोसड़ा की ओर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष शिव पूजन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा बरामद किए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है।

सड़क जाम कर जताया आक्रोश:

घटना से नाराज लोगों ने रोसड़ा- हथौड़ी पथ पर आगजनी कर करीब दो घंटे तक सड़क जाम रखा। जाम की सूचना पर सदर डीएसपी-2 संजय कुमार मौके पर पहुंचे और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम हटाया गया।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस:

पुलिस टीम बदमाशों के भागने की दिशा में छानबीन कर रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि अपराधियों की पहचान हो सके। तकनीकी शाखा और एसएसएल की टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस पर लापरवाही के आरोप:

स्थानीय लोगों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि अपराधियों में कानून का भय नहीं है। लोगों का कहना है कि जिले में लगातार आपराधिक घटनाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस प्रभावी कार्रवाई नहीं कर पा रही है।

दो वर्ष पहले हुई थी भाई की हत्या:

बताया जाता है कि दुकान संचालक भोला साह के बड़े भाई रघुवीर स्वर्णकार की दो वर्ष पूर्व गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद भोला साह ने गाहर चौक पर दुकान खोलकर परिवार का भरण-पोषण शुरू किया था।

अब इस घटना से परिवार दहशत में है। पुलिस ने जल्द खुलासा करने का दावा किया है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top