समस्तीपुर/कल्याणपुर: चकमेहसी थाना क्षेत्र के गोराई पंचायत स्थित बलहा टोला डुमरांव वार्ड संख्या 8 में सोमवार देर रात घर के भीतर सोए एक टोटो चालक पर उसके ही गांव के एक युवक ने चाकू गोदकर उसकी हत्या कर दी।
घटना देर रात करीब दो बजे के आसपास की बताई गई। मृतक की पहचान गांव निवासी स्व. सनफूल महतो के पुत्र रामानंद महतो (43) के रूप में हुई है।
रामानंद गांव में टोटो चलाने का काम करते थे। साथ ही वह आईसक्रीम फैक्ट्री के मिस्त्री भी रहे थे। बताया गया कि वह घर के भीतर खाना पीना खाने बाद में अपने बिस्तर पर सोए थे।
इसी बीच उनके चिल्लाने की आवाज सुनी। आवाज पर स्वजनों की नींद खुली। सभी जब बाहर निकले तो रामानंद खून से लथपथ थे। स्वजनों ने आनन-फानन में उन्हें समस्तीपुर में अस्पताल में भर्ती कराया।
जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की जानकारी मिलते ही स्वजनों के बीच कोहराम मच गया। वहीं सूचना पर चकमहेसी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम में भेज दिया।
पुलिस टीम घटना की छानबीन में जुट गई। स्वजनों ने पुलिस को बताया गया कि गांव के ही एक भरत नामक युवक ने घटना को अंजाम दिया है।
पुलिस ने उसकी खोजबीन करते हुए उसे हिरासत में लेकर पूछताछ में जुटी है। बताया जा रहा कि घटना को अंजाम देने के दौरान दोनों के बीच हाथापाई भी हुई।
रामानंद चाकू से जख्मी होने बाद भी आरोपी को धड़ दबोचने का प्रयास कर रहे थे। उन्होंने उसका कुछ दूरी तक पीछा भी किया।
इसी दौरान हुई हल्ला पर स्वजनों की नींद खुली। डीएसपी संजय कुमार व इंस्पेक्टर नीरज तिवारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने बताया कि हत्या के आरोप में भरत राय को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। जल्द ही मामले का राजफाश किया जाएगा।

आईसक्रीम फैक्ट्री में लेबर सप्लाई की वजह से हुआ विवाद:
जम्मू-कश्मीर के आईसक्रीम फैक्ट्री में लेबर सप्लाई की वजह से दोनों के बीच विवाद हुआ। बताया गया कि मृतक रामानंद पहले उक्त फैक्ट्री में मजदूरी करते थे।
बच्चों के बड़े होने और बढ़ती उम्र की वजह से उन्होंने अपनी जगह भरत को वहां भेज दिया।
रामानंद की जगह भरत वर्तमान में वहां काम कर रहा था। इसी बीच रामानंद ने उक्त फैक्ट्री में फिर से जाने की बात कही। उसने आईसक्रीम फैक्ट्री के मालिक से भी बातचीत की थी। इसके बाद में भरत से कुछ कहासुनी हो गई।
वह सोमवार को ही यहां से जाने वाले थे। लेकिन, विवाद की वजह से गांव के लोगों ने उन्हें वहां अभी जाने से मना कर दिया। इसके बाद वह रूक गए।
पुत्र अंकित कुमार ने बताया कि यही वजह रही कि भरत ने घटना को अंजाम दिया। फिलहाल, पुलिस सभी बिंदुओं पर गहन छानबीन करने की बात कह रही है।