समस्तीपुर: समस्तीपुर मंडल रेल प्रशासन ने बिहार लोक सेवा आयोग के अंतर्गत आयोजित होने वाली सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी की लिखित परीक्षा को ध्यान में रखते हुए परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए विशेष ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है।

यह परीक्षा 14, 15, 17, 18, 20 एवं 21 अप्रैल को दो पालियों में होगी। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के विभिन्न जिलों से परीक्षा केंद्रों तक समय पर पहुंचने की आवश्यकता को देखते हुए रेलवे प्रशासन 15, 18 एवं 21 अप्रैल को विशेष परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का परिचालन करेगी।

ये ट्रेनें प्रमुख रूटों जैसे मुजफ्फरपुर से पाटलिपुत्र, दरभंगा से हाजीपुर एवं पाटलिपुत्र, समस्तीपुर से हाजीपुर एवं पाटलिपुत्र तथा बेतिया से हाजीपुर एवं पाटलिपुत्र के बीच चलाई जाएंगी।

रेलवे प्रशासन ने इन ट्रेनों के संचालन का समय इस प्रकार निर्धारित किया है कि सभी ट्रेनें परीक्षा केंद्रों के निकट स्थित प्रमुख स्टेशनों पर दोपहर 12:30 बजे तक पहुंच जाएं और दोपहर 1:00 बजे तक उनका प्रस्थान सुनिश्चित किया जा सके।

इससे परीक्षार्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी। इसके अतिरिक्त जयनगर-आरा इंटरसिटी एक्सप्रेस (13225) के संचालन समय में भी आंशिक संशोधन किया गया है।

संशोधित समय के अनुसार यह ट्रेन मधुबनी स्टेशन पर लगभग 12:30 बजे पहुंचेगी तथा यहां 15 से 20 मिनट का अतिरिक्त ठहराव दिया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक परीक्षार्थी इस सुविधा का लाभ उठा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top