समस्तीपुर: ग्रामीण इलाकों में संचालित सरकारी अस्पतालों में अब आधुनिक अल्ट्रासाउंड मशीन से मरीजों की जांच होगी। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं को इसका लाभ मिलेगा। यह मशीन राज्य के 12 स्वास्थ्य संस्थानों में लगाई जानी हैं।
इनमें समस्तीपुर, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, गयाजी, गोपालगंज, नवादा, खगड़िया, कटिहार और सारण जिले के अनुमंडलीय अस्पताल, रेफरल अस्पताल एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शामिल हैं।
नई अल्ट्रासाउंड मशीन कलर डाप्लर कानवेक्स प्रोब व लीनियर प्रोब की सुविधा युक्त होगी। यह मरीज के आंतरिक अंगों और संरचनाओं की जांच करने में ध्वनि तरंगों का उपयोग करेगी। यह रंगीन तस्वीर देगी, जिससे डाक्टर को रोग का पता आसानी से चल सकेगा।
कलर डोपलर तकनीक होने के कारण रक्त प्रवाह की दिशा और गति को मापने के लिए ध्वनि तरंगों का उपयोग किया जाता है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत मातृ स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत गर्भवती समेत अन्य मरीजों को यह सुविधा दी जाएगी।
संस्थानों में प्रसव की संख्या, अन्य आकस्मिकी एवं गैर संचारी रोग के मरीजों की संख्या, विशेषज्ञ चिकित्सक की उपलब्धता एवं संस्थान में उपकरणों की समीक्षा के आधार पर यह व्यवस्था की जा रही है। अस्पतालों में यह मशीन वहां लगाई जाएगी जहां मरीजों की आसानी से पहुंच हो सके।

राज्य स्तरीय समीक्षा के बाद मशीन की आपूर्ति के लिए स्वीकृति दे दी गई है। सिविल सर्जन को स्त्री एवं प्रसूति रोग चिकित्सक एवं स्वास्थ्य संस्थान के नाम से पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट के तहत अल्ट्रासाउंड मशीन आपूर्ति, अधिष्ठापन एवं संचालन हेतु निबंधन प्रमाण पत्र निर्गत करना है।
सिविल सर्जन को राज्य स्वास्थ्य समिति एवं बीएमएसआइसीएल को एक सप्ताह के अंदर निबंधन प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराना है। स्त्री रोग विशेषज्ञ को मशीन चलाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। दो महीने बाद व्यवस्था लागू होने की संभावना है।
इन स्वास्थ्य केंद्रों का हुआ चयन:
आधुनिक अल्ट्रासाउंड मशीन के लिए समस्तीपुर के हसनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का चयन किया गया है। इसके अलावा दरभंगा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिंघवाड़ा, मुजफ्फरपुर में मुरौल, मधुबनी में रेफरल अस्पताल मधेपुर, कटिहार में अनुमंडलीय अस्पताल बारसोई, नवादा में रेफरल अस्पताल वारसलीगंज, गयाजी में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खिजसराय व बाराचट्टी, गोपालगंज में बैकुंठपुर, खगड़िया में अलौली, सारण में गरखा व परसा शामिल है।