दरभंगा: भारत सरकार ने दरभंगा एयरपोर्ट के नए सिविल एन्क्लेव को बेहतर सड़क संपर्क देने के लिए एन एच – 27 पर ट्रम्पेट इंटरचेंज और अंडरपास निर्माण को स्वीकृति दे दी है।
इससे दरभंगा और मिथिला के लिए बेहतर एयरपोर्ट कनेक्टिविटी, तेज- सुरक्षित और सुगम आवागमन तथा आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
राज्य सभा सदस्य सह जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने इसके लिए भारत सरकार के सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से विशेष आग्रह किया था।
उन्होंने कहा था कि एयरपोर्ट को जाने और वहां से आने वाले यात्रियों को रास्ता बदलने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। दरभंगा एयरपोर्ट आज बिहार के सर्वाधिक व्यस्त हवाई अड्डों में से एक है। प्रतिदिन सैकड़ों यात्रियों का आवागमन होता है।
इसी के आलोक में सड़क एवं परिवहन मंत्रालय ने एन एच ए आई को निर्देश दिया है कि संजय कुमार झा की पहल पर वह बिहार सरकार के प्रस्ताव के अनुसार निर्माण कार्य आरंभ करे।
इसके बन जाने से हवाई अड्डा से आमस तक भी यात्रियों के वाहन की सीधी और संक्षिप्त पहुच संभव हो जाएगी। जब आवागमन सहज होगा तो आर्थिक गतिविधियां भी बढ़ेगी।
क्षेत्र के लोगों की आय बढ़ेगी, समृद्धि आएगी। इलाका खुशहाल होगा। आशा की जा रही है कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण शीघ ही निर्माण कार्य आरंभ करेगा।

ढाई घंटा विलंब से पहुंची मुंबई से आनेवाली अकासा की फ्लाइट:
दरभंगा एयरपोर्ट से गुरुवार को 12 विमानों का आवागमन हुआ। मुंबई से आनेवाली अकासा की फ्लाइट ढाई घंटा विलंब से पहुंची। इस वजह से अकासा की विमान में आने व जानेवाली यात्रियों को परेशानी हुई।
वहीं दरभंगा और कोलकाता के बीच प्रतिदिन एक फेरा लगाने वाली इंडिगो की एक जोड़ी फ्लाइट को शेड्यूल से बाहर रखा गया था। जिससे कोलकाता हवाई मार्ग पर यात्रियों की संख्या शून्य रही।
जानकारी के अनुसार मुंबई से दरभंगा आनेवाली अकाशा की फ्लाइट क्यूपी 1529 निर्धारित समय 1:20 बजे से दो घंटा 34 मिनट विलंब से 3:54 बजे पहुंची।
दिल्ली से दरभंगा आनेवाली अकासा की फ्लाइट क्यूपी 1405 निर्धारित समय 10:50 से छह मिनट पहले ही पहुंच गई।मुंबई से दरभंगा आनेवाली स्पाइसजेट की फ्लाइट एसजी 334 निर्धारित समय 12:00 बजे से पंद्रह मिनट पहले पहुंची।
हैदराबाद से दरभंगा आनेवाली इंडिगो की फ्लाइट 6ई7234 निर्धारित समय 2:05 बजे से आठ मिनट विलंब से 2:13 बजे पहुंची।