समस्तीपुर: जिले के दलसिंहसराय अनुमंडल के अजनौल गांव में मंगलवार को हरियाणा पुलिस ने बिहार एसटीएफ के साथ भाजपा के पूर्व जिला प्रवक्ता पंकज कुमार लाल के आवास पर धावा बोल दिया।
हरियाणा एसटीएफ, समस्तीपुर एसटीएफ और स्थानीय पुलिस बल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। यह छापेमारी हरियाणा के पानीपत से जुड़े जाली नोट कारखाने के मामले से संबंधित है।
इससे इलाके में सनसनी फैल गई है। ईडी की टीम ने पहले पंकज लाल के घर की तलाशी शुरू की।
सूत्रों के अनुसार, पानीपत में बरामद जाली नोट छापने की मशीनों और नकली करेंसी के विशाल रैकेट से पंकज लाल का नाम जोड़ा गया है। सहयोगी बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

जांच एजेंसियां नेटवर्क के अन्य सदस्यों का पता लगाने में जुटी हैं। पानीपत में हाल ही में जाली नोटों का बड़ा खुलासा हुआ था, जहां प्रिंटिंग मशीनें, कागज और तैयार नकली नोट बरामद किए गए थे।
पंकज लाल पर इस चेन से जुड़ाव का शक है। पंकज लाल रेलवे में रेल नीर पानी की सप्लाई के साथ साथ विभूतिपुर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर में रिक्शा एजेंसी चलाते है।
दो साल पूर्व ही दलसिंहसराय के अजनौल में जमीन खरीद कर तीन करोड़ से अधिक लागत से आलीशान मकान बनवाया है। मकान का कार्य जारी है ।