समस्तीपुर: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मगरदही मोहल्ला (वार्ड संख्या 36) में रविवार दोपहर जमीन विवाद को लेकर ताबड़तोड़ फायरिंग से अफरातफरी मच गई।

अचानक हुई गोलीबारी से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मोहल्ला निवासी साजन कुमार अपनी जमीन पर चहारदीवारी का निर्माण करा रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन बदमाश मौके पर पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के पिस्टल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी।

गोलीबारी के दौरान साजन कुमार के बड़े भाई मनीष कुमार की जान बाल-बाल बच गई। एक गोली उनके बेहद करीब से गुजरते हुए दीवार में जा लगी।

फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे, जिसके बाद बदमाश मोहनपुर की ओर फरार हो गए।

सूचना मिलते ही मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजित प्रसाद सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और इलाके को घेराबंदी कर जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से सात खोखे बरामद किए हैं।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।

पीड़ित पक्ष की ओर से साजन कुमार ने एक नामचीन बदमाश पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है। बताया गया कि दोनों पक्षों के बीच पहले से जमीनी विवाद चल रहा है।

थानाध्यक्ष अजित प्रसाद सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला भूमि विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। घटनास्थल से खोखे बरामद किए गए हैं और बदमाशों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top