पटना: पटना के गर्ल्स हॉस्टल में लड़की संदिग्ध स्थितियों में हुई मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। पुलिस का प्रारंभिक दावा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद से सवालों के घेरे में है।
इस बीच जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने शुक्रवार को जहानाबाद जाकर मृतका के स्वजनों से मुलाकात की। कहा कि इस मामले में अब नए सिरे से पुलिस को जांच करनी चाहिए।
राजधानी के एक हॉस्टल में छात्रा की मौत हो गई थी। वह मेडिकल परीक्षा की तैयारी कर रही थी। पुलिस ने इसे आत्महत्या बताया था। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मामला अलग हो गया है।
स्वजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर उंगली उठाई। उन्होंने बच्ची के साथ दुष्कर्म की आशंका भी जताई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी इस ओर इशारा कर रहे हैं।

पुलिस से चूक हुई है तो सुधार करे:
स्वजनों के साथ ही स्थानीय लोगों में भी इसको लेकर काफी गुस्सा है। उन्होंने आरोप लगाया है कि पुलिस अधिकारी उनपर केस वापस लेने का दबाव दे रहे हैं।
प्रशांत किशोर ने छात्रा के स्वजनों को सांत्वना दी। इसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि यदि प्रारंभिक जांच में पुलिस प्रशासन से कोई चूक हुई है तो उसे सुधारा जाना चाहिए।
हमलोग कल पीड़िता के परिवार के साथ वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मिलकर निष्पक्ष और गहन जांच की मांग करेंगे, ताकि हर हाल में बच्ची को न्याय मिल सके।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि न्याय नहीं मिला तो जन सुराज संविधान के दायरे में रहकर हर आवश्यक और लोकतांत्रिक कदम उठाएगा।