समस्तीपुर: गर्मी के मौसम में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने गोंदिया से रक्सौल के बीच समर स्पेशल ट्रेन संख्या (08867/08868) चलाने की घोषणा की है।
यह ट्रेन दरभंगा-समस्तीपुर रेलखंड से होकर संचालित होगी और दोनों दिशाओं में कुल 10-10 फेरे लगाए जाएंगे। इससे यात्रियों को यात्रा के दौरान अतिरिक्त सुविधा मिलने की उम्मीद है।
रेलवे द्वारा जारी समय सारिणी के अनुसार, ट्रेन संख्या 08867 गोंदिया-रक्सौल साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 25 अप्रैल से 27 जून तक प्रत्येक शनिवार को गोंदिया से सुबह 06:30 बजे प्रस्थान करेगी।
विभिन्न प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव के बाद यह ट्रेन अगले दिन समस्तीपुर जंक्शन पर दोपहर 12:20 बजे पहुंचेगी और 12:25 बजे प्रस्थान कर शाम 05:00 बजे रक्सौल पहुंचेगी।
वापसी दिशा में ट्रेन संख्या 08868 रक्सौल-गोंदिया साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 26 अप्रैल से 28 जून तक प्रत्येक रविवार को रक्सौल से शाम 07:10 बजे चलेगी।
यह ट्रेन विभिन्न स्टेशनों से होते हुए मध्यरात्रि के बाद 12:25 बजे समस्तीपुर जंक्शन पहुंचेगी तथा 12:30 बजे प्रस्थान कर अगले दिन सुबह 07:00 बजे गोंदिया पहुंचेगी।

इन स्टेशनों पर होगा ठहराव:
इस स्पेशल ट्रेन के प्रमुख ठहरावों में डोंगरगढ़, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, भाटापारा, बिलासपुर, चांपा, रायगढ़, झारसुगुड़ा, राउरकेला, रांची, बोकारो स्टील सिटी, चंद्रपुरा, धनबाद, चितरंजन, मधुपुर, जसीडीह, झाझा, किऊल, बरौनी, समस्तीपुर, दरभंगा और सीतामढ़ी शामिल हैं।
इस कोच में कुल 20 आईसीएफ कोच लगाए जाएंगे, जिनमें 4 थर्ड एसी, 10 स्लीपर, 4 सामान्य श्रेणी और 2 एसएलआरडी कोच शामिल हैं।
रेलवे के इस फैसले से बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ के यात्रियों को सीधी रेल सेवा का लाभ मिलेगा, जिससे यात्रा सुगम और सुविधाजनक होने की उम्मीद है।