समस्तीपुर/खानपुर: प्रखंड मुख्यालय जाने वाली सड़क इन दिनों लोगों के लिए मुसीबत ही नहीं, बल्कि जानलेवा साबित हो रही है।
तीन बटिया से खानपुर प्रखंड एवं थाना मुख्यालय जाने वाली मुख्य सड़क करीब 300 फीट तक तालाब में तब्दील हो चुकी है।
सड़क पर दो फीट तक गंदा पानी जमा रहने से हर दिन लोग दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क पर जलजमाव की स्थिति पिछले करीब दो माह से बनी हुई है।
हालात यह हैं कि पैदल चलना तो दूर, बाइक और चारपहिया वाहन चालकों को भी जान जोखिम में डालकर गुजरना पड़ रहा है।
इसके बावजूद समस्या के समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है। ग्रामीणों आरोप है कि आसपास के लोगों द्वारा जल निकासी की व्यवस्था बंद कर दी गई है, जिससे सड़क पर पानी जमा हो गया है।
पूर्व में गांव का पानी एक बड़े गड्ढे में चला जाता था, लेकिन उस सरकारी जमीन को मिट्टी भरकर अतिक्रमण कर लिया गया। इसके बाद से पानी की निकासी पूरी तरह बाधित हो गई और सड़क ही तालाब बन गई।

स्थिति इतनी भयावह है कि दुर्घटना होने पर भी लोग मदद के बजाय तमाशबीन बने रहते हैं।
दुकानदारों और राहगीरों का कहना है कि आए दिन लोग गिरकर घायल हो रहे हैं, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है। जलजमाव के कारण उठ रही दुर्गंध से आसपास के दुकानदारों और निवासियों का जीना भी दूभर हो गया है।
चौंकाने वाली बात यह है कि इसी रास्ते से प्रखंड के अधिकारी- बीडीओ, सीओ, थाना प्रभारी सहित अन्य पदाधिकारी भी गुजरते हैं, बावजूद इसके समस्या जस की तस बनी हुई है।
अंचल अधिकारी ने बताया कि छह माह पूर्व उक्त जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराकर जल निकासी की व्यवस्था बहाल की गई थी। लेकिन पुनः अतिक्रमण कर जल निकासी को बाधित कर दिया गया है।
उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर जल्द ही अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई करते हुए जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।