समस्तीपुर/दलसिंहसराय: साइबर अपराधियों के हौसले इस कदर बढ़ गए हैं कि अब उन्होंने पुलिस अधिकारियों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है।
दलसिंहसराय अनुमंडल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विवेक कुमार शर्मा का सरकारी मोबाइल नंबर हैक कर बदमाशों ने वॉटसऐप मैसेज कर रुपए की मांग शुरू कर दी है।
घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, साइबर अपराधी हैक किए गए नंबर से डीएसपी के परिचितों।
स्थानीय व्यवसायियों और अन्य लोगों को मैसेज कर खुद को अधिकारी बताते हुए इमरजेंसी का हवाला देकर पैसों की मांग कर रहे हैं। कुछ लोगों को ऑनलाइन ट्रांसफर के लिए दबाव भी बनाया गया है।

इसके अलावा स्कैनर भेजकर रुपए मांग कर रहे हैं। हालांकि, कई लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए पैसे भेजने से इनकार कर दिया और इसकी सूचना पुलिस को दी।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई है। डीएसपी ने साइबर सेल की टीम को जांच में लगाया। नंबर की तकनीकी जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में सिम क्लोनिंग या सोशल इंजीनियरिंग के जरिए नंबर के दुरुपयोग की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी काल या मैसेज के आधार पर पैसे ट्रांसफर न करें, भले ही काल करने वाला खुद को कोई अधिकारी ही क्यों न बताए। जरूरत पड़ने पर संबंधित व्यक्ति से सीधे संपर्क कर पुष्टि जरूर करें।
डीएसपी ने स्पष्ट किया है कि कोई भी सरकारी अधिकारी इस तरह व्यक्तिगत रूप से पैसे की मांग नहीं करता। किसी भी संदिग्ध काल या मैसेज की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या साइबर हेल्पलाइन पर दें।
लगातार बढ़ रहे साइबर अपराधों को देखते हुए लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।