समस्तीपुर/रोसड़ा: समस्तीपुर जिले के रोसड़ा शहर के लक्ष्मीपुर मोहल्ला में शुक्रवार को एक युवक का सड़ा-गला शव उसके घर में फंदे से लटका मिला।
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब घर से तेज दुर्गंध आने लगी और आसपास के लोगों को संदेह हुआ।
दरवाजा तोड़कर पुलिस ने निकाला शव:
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बंद घर का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। अंदर युवक का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतक की पहचान और पारिवारिक स्थिति:
मृतक की पहचान चंदन महतो (35) के रूप में हुई है, जो विनोद महतो का पुत्र था। बताया जाता है कि वह मजदूरी के लिए बाहर रहता था और रामनवमी के अवसर पर घर आया था।
पत्नी के मायके जाने के बाद अकेले रह रहा था:
स्थानीय लोगों के अनुसार, उसकी पत्नी दो बच्चों के साथ उसे छोड़कर मायके चली गई थी। इसके बाद से चंदन मानसिक तनाव में रहता था और घर में अकेले रह रहा था। उसका एक बच्चा शहिचार में अपने चाचा के पास रह रहा है।
कई दिन पुरानी बताई जा रही घटना:
शव की स्थिति देखकर आशंका जताई जा रही है कि घटना कई दिन पहले की है। शरीर काफी सड़ चुका था, जिससे दुर्गंध फैल रही थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।