समस्तीपुर: समस्तीपुर में हसनपुर थाना क्षेत्र के मरांची उजागर गांव से दो दिन पूर्व से लापता 18 वर्षीय युवक की बाइक व खून से लथपथ कपड़े मिलने से सनसनी फैल गई है।
युवक की हत्या कर शव गायब कर देने की आशंका जताते हुए ग्रामीणों ने बुधवार की सुबह हसनपुर बाजार के सुभाष व गांधी चौक पर बांस बल्ला लगाकर जाम कर दिया।
इससे बाजार के सभी मार्गो पर वाहनों की लंबी कतार लग गई है। बताया गया है कि मरांची उजागर ग्राम निवासी शंकर साहु के 18 वर्षीय पुत्र राजेश कुमार सोमवार की शाम करीब 5.30 बजे अपनी बाइक पर सवार होकर बाजार के लिए निकला था।

देर रात तक घर वापस नहीं आने पर स्वजनों ने खोजबीन शुरू की। कोई अता पता नहीं चलने पर पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस ने गायब युवक के मोबाइल लोकेशन की जांच की तो अंतिम लोकेशन भारद्वाज महा विद्यालय सकरपुरा हसनपुर के निकट मिला।
उसी लोकेशन के आधार पर पुलिस व स्वजन पहुंचे तो एक बांसबाड़ी में युवक की बाइक व खून से सना कपड़ा बरामद हुआ। आक्रोशित ग्रामीण खोजी कुत्ता और फारेनसिक टीम मांगने पर अड़े हुए हैं।