समस्तीपुर: गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने बड़ी राहत दी है। सूरत के उधना जंक्शन से हसनपुर रेलवे स्टेशन के बीच अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है, जिससे उत्तर बिहार के यात्रियों को सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी।
पश्चिम रेलवे की अधिसूचना के अनुसार ट्रेन संख्या 09031 उधना-हसनपुर रोड अनारक्षित स्पेशल 5 अप्रैल से 28 जून तक प्रत्येक रविवार को संचालित होगी।
वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 09032 हसनपुर रोड-उधना स्पेशल 6 अप्रैल से 29 जून तक हर सोमवार को चलाई जाएगी। इस ट्रेन में केवल जनरल कोच होंगे, जिससे यात्री बिना आरक्षण के सामान्य टिकट लेकर सफर कर सकेंगे।
निर्धारित समय के अनुसार यह ट्रेन उधना से सुबह 11:25 बजे रवाना होकर अगले दिन विभिन्न प्रमुख स्टेशनों से गुजरते हुए रात 8:00 बजे हसनपुर रोड पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन हसनपुर रोड से रात 9:45 बजे खुलकर समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, दानापुर होते हुए अगले दिन दोपहर 3:00 बजे उधना जंक्शन पहुंचेगी।
यह स्पेशल ट्रेन मार्ग में दानापुर रेलवे स्टेशन, मुजफ्फरपुर जंक्शन, समस्तीपुर जंक्शन, बक्सर रेलवे स्टेशन सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
रेलवे के इस फैसले से खासकर समस्तीपुर-खगड़िया रेलखंड के यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, क्योंकि फिलहाल इस रूट पर सूरत के लिए सीधी ट्रेन सेवा उपलब्ध नहीं है।
स्थानीय यात्रियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए रुसेरा घाट स्टेशन पर भी ठहराव देने की मांग की है और इसे नियमित ट्रेन के रूप में चलाने का सुझाव दिया है।