समस्तीपुर: समस्तीपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चकनूर में बुधवार शाम एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना के बाद उसे तत्काल शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घायल युवक की पहचान दुधपुरा गांव निवासी धर्मेंद्र कुमार के पुत्र अनमोल कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, उसे सीने में गोली लगी है।

प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, घटना के पीछे आपसी विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अब तक पूरे मामले का स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सका है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और युवक को अस्पताल पहुंचाया।
मुफस्सिल थाना की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि घायल युवक के बयान के बाद ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा।
थानाध्यक्ष अजित प्रसाद सिंह ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना के कारणों का पता लगा लिया जाएगा।