समस्तीपुर: ट्रेनों की समयबद्धता बनाए रखने के लिए रेलवे ने बिना वजह चेन पुलिंग करने वालों के खिलाफ सख्ती बढ़ा दी है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन समय पालन के तहत मार्च माह में व्यापक कार्रवाई की गई है।
रेलवे से प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक से 15 मार्च के बीच विभिन्न रेलखंडों पर बिना उचित कारण चेन पुलिंग करने के आरोप में कुल 514 लोगों को हिरासत में लिया गया।
इन सभी के खिलाफ रेल अधिनियम की धारा 141 के तहत कार्रवाई करते हुए करीब 1 लाख 46 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।

दानापुर मंडल में सबसे अधिक मामले:
मंडलवार आंकड़ों पर नजर डालें तो दानापुर मंडल में सबसे अधिक 230 लोग पकड़े गए। इसके अलावा समस्तीपुर मंडल में 101, पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल में 73, सोनपुर मंडल में 66 और धनबाद मंडल में 44 लोगों पर कार्रवाई की गई।
आगे भी जारी रहेगा अभियान:
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि बिना वजह चेन पुलिंग करने से ट्रेनों की समय सारिणी प्रभावित होती है, जिससे अन्य यात्रियों को भारी असुविधा होती है। इसी को देखते हुए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
इसके साथ ही आरपीएफ ने महिला कोच में यात्रा करने वाले पुरुष यात्रियों के खिलाफ भी विशेष अभियान चलाया। इस दौरान 1570 पुरुष यात्रियों को पकड़ा गया और उनसे 3 लाख 61 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। इन मामलों में रेल अधिनियम की धारा 162 के तहत कार्रवाई की गई है।