समस्तीपुर: बूढ़ी गंडक नदी पर हकीमाबाद और नागरबस्ती के बीच बन रहे पुल को अगस्त माह तक पूरा करने का निर्देश मुख्यमंत्री ने दिया है। यदि सबकुछ ठीक-ठाक रहा तो सितंबर माह से यह लोगों की यात्रा के लिए तैयार हो जाएगा।

इससे बेगूसराय, रोसड़ा, हसनपुर, दलसिंहसराय से दरभंगा जाने वाले भारी वाहन और आमलोग शहर की भीड़-भाड़ से बच जाएंगे और कम समय में दरभंगा तक की यात्रा कर सकेंगे।

वर्तमान में पुल के ऊपरी ढांचे का निर्माण कार्य जारी है। पुल निर्माण का कार्य तेजी से प्रगति पर है और सभी पियर खड़े हो चुके हैं।

इस महत्वपूर्ण परियोजना का निर्माण कार्य बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड द्वारा कराया जा रहा है। पुल के बनकर तैयार होने से हकीमाबाद, नागरबस्ती सहित आसपास के इलाकों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

खासकर दरभंगा जाने वाले यात्रियों के लिए यह पुल बेहद सहूलियत भरा साबित होगा। अभी लोगों को वैकल्पिक और लंबा रास्ता अपनाना पड़ता है, जिससे समय और ईंधन दोनों की बर्बादी होती है।

पुल के निर्माण से आवागमन सुगम होगा, व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और शहर के यातायात दबाव में भी कमी आएगी।

वर्षों से प्रतीक्षित यह पुल अब आकार ले चुका है और साल के अगस्त माह तक इसके पूरा होने से समस्तीपुर को एक नई कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है।

बूढी गंडक नदी पर बन रहा यह पुल 11 पाया होगा। पहले इस पुल के निर्माण को लेकर 9 पाया का प्रस्ताव था, लेकिन बीच में दो पाया बढ़ाए जाने से पुल की लंबाई भी अब 400 मीटर हो गई है। पहले यह 336 मीटर लंबी थी।

निर्माण पर करीब 47 करोड़ रुपए खर्च होगी। इस पुल के निर्माण से करीब पांच दर्जन से अधिक गांव में आवागमन की सुविधा सहुलियत भरी होगी। वही वारिसनगर और जितवारपुर प्रखंड के दो लाख की आबादी को इसका सीधा फायदा मिलेगा।

बाजार समिति तक पहुंचने वाले किसानों को मिला अधिक फायदा:

उजियारपुर और अंगारघाट इलाके के किसानों को मथुरापुर घाट स्थित सब्जी मंडी तक आना-जाना आसान हो जाएगा। अभी मंडी तक पहुंचने वाले किसानों को शहर से होकर गुजरना पड़ता है। इसमें दिन के समय सड़क की जाम का सामना करना पड़ता है।

वहीं, पुल के चालू होने बाद वे सीधे मथुरापुर तक आसानी से पहुंच पाएंगे। इसके अलावा बेगूसराय से दरभंगा जाने वाले लोगों को भी शहर में बिना एंट्री किए जितवारपुर-इलमासनगर-मन्नीपुर होते हुए सीधा मुक्तापुर चले जाएंगे। इससे करीब 15 किलोमीटर की दूरी कम हो जाएगी।

एप्रोच पथ पर तेजी से होगा कार्य :

पुल निर्माण के साथ ही पुल के लिए एप्रोच पथ का निर्माण भी तेज गति से कराया जाएगा। डीएम रोशन कुशवाहा ने बताया कि पुल से संपर्क जोड़ने के लिए दो लेन की सड़क बनाई जाएगी।

यह सड़क एचएच 55 समस्तीपुर रोसड़ा पथ से सीधे मुक्तापुर को जोड़ने का काम करेगी। इससे आवागमन सुलभ होगा। जितवारपुर और वारिसनगर की दूरी भी घटेगी।

साथ ही शहर के एक किनारे से ही लोग दरभंगा जाने को निकले सकेंगे। वही मुसरीघरारी से भी उक्त पुल को जोड़ने के लिए बाइपास सड़क का निर्माण कार्य किया जा रहा है। सितंबर से उक्त सड़क और पुल पर गाड़ियों के दौड़ने की संभावना व्यक्त की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top