समस्तीपुर: जीविका दीदी के लिए बीमा सुरक्षा उत्सव अभियान 15 अप्रैल के बाद जिले की सभी ग्राम पंचायतों में चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत जीविका कर्मी महिलाओं को जीवन बीमा योजनाओं से जोड़ने के लिए प्रेरित करेंगे। अभियान 31 मई तक चलेगा।

समस्तीपुर जिले में वर्तमान में कुल 6,43,551 जीविका दीदी कार्यरत हैं। इनमें ग्रामीण क्षेत्र की 5,72,990 और शहरी क्षेत्र की 70,561 महिलाएं शामिल हैं।

अब इन सभी जीविका दीदी को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाने के लिए यह बड़ा अभियान शुरू करने जा रही है।

2 योजनाओं से मिलेगा बीमा लाभ:

इस अभियान के तहत जीविका दीदी को दो प्रमुख सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना। दोनों योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है।

जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग की जीविका दीदी शामिल होंगी। इसमें 436 रुपये का वार्षिक अंशदान तय है, जो सीधे बैंक खाते से कट जाता है।

प्राकृतिक मृत्यु की स्थिति में परिजनों को 2 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाती है। सुरक्षा बीमा योजना 18 से 70 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं के लिए लागू है।

इसमें मात्र 20 रुपये वार्षिक अंशदान देना होता है। दुर्घटना में मृत्यु होने पर 2 लाख रुपये का लाभ मिलता है।

दोनों योजनाओं से कुल 4 लाख रुपये का सुरक्षा कवच:

इन दोनों योजनाओं के तहत यदि किसी बीमित महिला की दुर्घटना में मृत्यु होती है, तो उसके परिवार को कुल 4 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता मिल सकेगी। यह बीमा योजना एक वर्ष के लिए होगी, जो 1 जून से प्रभावी मानी जाएगी।

इसके लिए 15 अप्रैल से 31 मई तक विशेष अभियान चलाकर अधिक से अधिक जीविका दीदियों को जोड़ा जाएगा। इस दौरान उन्हें अपने परिवार के अन्य सदस्यों, विशेषकर पति का भी बीमा कराने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top