समस्तीपुर/मोहिउद्दीननगर: समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर प्रखंड में बुधवार को आयोजित मुखिया संघ की बैठक में पंचायत चुनाव 2026 से पहले नए सिरे से परिसीमन कराने की मांग जोर-शोर से उठी। बैठक में इस संबंध में प्रस्ताव पारित कर राज्य सरकार को मांग पत्र भेजने का निर्णय लिया गया।

पूर्व मुखिया को दी श्रद्धांजलि:

बैठक की शुरुआत भदैया के पूर्व मुखिया कृष्णकांत चौधरी के निधन पर दो मिनट का मौन रख श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद विभिन्न मुद्दों पर चर्चा शुरू हुई। बैठक की अध्यक्षता संघ की अध्यक्ष संजू कुमारी राय ने की।

पुराने परिसीमन पर उठे सवाल:

जनप्रतिनिधियों ने कहा कि वर्तमान पंचायत परिसीमन वर्ष 1991 की जनसंख्या के आधार पर तय है, जिसके आधार पर वर्ष 2001 से लगातार चुनाव कराए जा रहे हैं।

जबकि इस दौरान जनसंख्या और भौगोलिक स्थिति में काफी बदलाव आ चुका है। ऐसे में पुराने परिसीमन के आधार पर चुनाव कराना उचित नहीं है।

योजनाओं के भुगतान में देरी:

बैठक में पंद्रहवीं और अष्टम वित्त आयोग की राशि से हुए कार्यों के भुगतान में देरी को लेकर भी नाराजगी जताई गई। प्रतिनिधियों ने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में बाधाएं आ रही हैं और समय पर भुगतान नहीं होने से विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

जनकल्याण की योजनाओं की समीक्षा:

राशन, पेंशन, आवास और शौचालय जैसी योजनाओं पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने जोर दिया कि इन योजनाओं का लाभ आम लोगों तक समय पर पहुंचे, इसके लिए प्रशासन को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

कर्मियों की अनुपस्थिति पर उठे सवाल:

पंचायत प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि कई सरकारी कर्मी पंचायत भवनों पर नियमित रूप से उपस्थित नहीं रहते, जिससे पंचायत व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इसको लेकर गहरी नाराजगी जताई गई।

अधिकारियों को भेजा जाएगा पत्र:

बैठक में निर्णय लिया गया कि इन सभी समस्याओं को लेकर बीडीओ, समाहर्ता और पंचायती राज विभाग, पटना को शिकायत पत्र भेजा जाएगा, ताकि समस्याओं का समाधान सुनिश्चित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top