समस्तीपुर: जिले के मोरवा प्रखंड क्षेत्र के ताजपुर-हलई मुख्य पथ पर पेट्रोल पंप के समीप शुक्रवार की सुबह युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई।
आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात अपराधियों ने युवक की हत्या कर दी है। हालांकि, पुलिस गोली लगने की बात से इंकार कर रही है। पुलिस प्रथम दृष्टया सड़क दुर्घटना मान रही है।
जानकारी के अनुसार, मृतक समस्तीपुर में रेलवे में कार्यरत था और सुबह करीब 5:30 बजे ड्यूटी समाप्त कर अपने घर लौट रहा था।

इसी दौरान पेट्रोल पंप के पास घटना घटी। स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे युवक को गिरा हुआ देखा, जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
मृतक की पहचान ताजपुर थाना क्षेत्र के गुणाई बसही पंचायत निवासी राजेंद्र कापर के पुत्र प्रमोद कापर के रूप में हुई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।
मामले को लेकर ताजपुर थाना अध्यक्ष राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया गोली लगने की बात स्पष्ट नहीं हो पाई है। युवक की बाइक एवं शव सड़क से नीचे गिरा हुआ पाया गया है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।