पटना: राज्यसभा की पांच सीटों के लिए हुए चुनाव में मतदान के दौरान अनुपस्थित रहकर चर्चा में आए राजद विधायक फैसल रहमान ने तीसरी सुर्खी गुरुवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ मुलाकात के साथ बटोरी।
इससे पहले, मंगलवार को विधानसभा की गैर-सरकारी विधेयक व संकल्प समिति का सभापति बनाकर सरकार उन्हें उपकृत कर चुकी है। वह फैसल के लिए सुर्खी का दूसरा अवसर था।
लालू के करीबी रहे फैसल के पिता:
इस बार ढाका से मात्र 178 मतों से जीते फैसल पहले भी विधायक रहे हैं। हालांकि, सुर्खियां इस बार बटोर रहे। जदयू से उनका लाग-लपेट पुराना है और राजद उनको लेकर बहुत आशान्वित भी नहीं।
हालांकि, पिता मोतिउर्रहमान कांग्रेस के कद्दावर नेताओं में रहे हैं और लालू प्रसाद से उनकी चरम घनिष्ठता रही है।

प्रदेश की सत्ता में उलट-फेर की संभावना:
उल्लेखनीय है कि फैसल और कांग्रेस के तीन विधायकों के मतदान नहीं करने का परिणाम यह हुआ कि राज्यसभा की पांचवीं सीट पर राजद प्रत्याशी अमरेंद्र धारी सिंह की हार हो गई।
अब प्रदेश में सत्ता में उलट-फेर की संभावना है। ऐसे में फैसल सहित उन चारों विधायकों को लेकर अटकलों का दौर भी चल रहा।
फैसल ने किया फेसबुक पोस्ट:
अपनी प्रतिक्रिया के लिए फैसल ने फोन रिसीव नहीं किया। अलबत्ता अपने फेसबुक पेज पर उन्होंने पोस्ट कर बताया कि मुख्यमंत्री से उनकी मुलाकात ढाका के सर्वांगीण विकास के लिए शिष्टाचार वश थी।
क्षेत्र के चौमुखी विकास हेतु सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई एवं बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री का सकारात्मक आश्वासन रहा और ढाका के विकास के प्रति उन्होंने अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।