समस्तीपुर/सरायरंजन: समस्तीपुर जिले के सरायरंजन थाना क्षेत्र के डगरूआ गांव के वार्ड संख्या 8 में सोमवार की दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब गांव के समीप गेहूं के खेत में एक अज्ञात अधेड़ (55-60) का शव बरामद हुआ।
मृतक की पहचान छिपाने के उद्देश्य से उसके चेहरे पर तेजाब डाला गया। इससे चेहरा बुरी तरह झुलसा मिला।
ग्रामीणों के अनुसार शव मुसरीघरारी चौक से गांव की ओर जाने वाली पगडंडी सड़क किनारे स्थित खेत में पड़ा था। खेत में काम करने गए लोगों की नजर जैसे ही शव पर पड़ी, उन्होंने इसकी सूचना अन्य ग्रामीणों को दी।
देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई और सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह, पुलिस पदाधिकारी पिंकी कुमारी के नेतृत्व में पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आसपास के इलाके की छानबीन की। मृतक पैंट-शर्ट पहने था, जबकि उसकी चप्पल पास में ही मिली।
शव की स्थिति से अनुमान है कि इसे चार से पांच दिन पहले यहां लाकर फेंका गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अब तक शव की पहचान नहीं हो सकी है।
पहचान के लिए आसपास के थानों को सूचना भेजी जा रही है तथा लापता लोगों के रिकार्ड खंगाले जा रहे हैं।
घटनास्थल से साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं, ताकि घटना के पीछे की सच्चाई सामने आ सके। घटना के बाद ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही इसका खुलासा किया जाएगा। नियम के तहत शव को 72 घंटे तक पहचान के लिए सुरक्षित रखा जाएगा, इसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।