समस्तीपुर: जननायक कर्पूरी ठाकुर की जन्म और कर्मभूमि पर विकास का एक और अध्याय मंगलवार को उस समय शुरू हुआ जब शहर के मुक्तापुर स्थित समपार फाटक पर ओवरब्रिज निर्माण कार्य का भूमि पूजन हुआ।
पिछले 20-25 वर्षों से जाम की समस्या झेल रहे लोगों को आने वाले दो वर्षों के बाद इसके निराकरण की उम्मीद जग गई है। दरभंगा-समस्तीपुर को जोड़ने वाले स्टेट हाईवे पर यह रेलवे गुमटी महत्वपूर्ण है।
इसके बंद होने से यह पूरा क्षेत्र थम जाता था। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद शांभवी ने कहा कि मुक्तापुर आरओबी का निर्माण समस्तीपुर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना शहर में वर्षों से बनी यातायात जाम की समस्या को जड़ से खत्म करने में सहायक होगी। रेलवे क्रासिंग पर लगने वाले लंबे जाम से लोगों को जल्द ही मुक्ति मिलेगी, इससे आम जनजीवन सुगम और सुरक्षित हो सकेगा।
1640 मीटर लंबाई, 99.23 करोड़ खर्च:
सांसद ने बताया कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के द्वारा बनाए जाने वाले इस ओवरब्रिज की कुल लंबाई 1640 मीटर होगी तथा इसकी अनुमानित लागत 99.23 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है।

उन्होंने कहा कि इस परियोजना को अगले दो वर्षों के भीतर पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है और इसके निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान क्षेत्रवासियों से किए गए वादों को सरकार प्राथमिकता के साथ पूरा कर रही है।
‘नीतीश कुमार के योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा’:
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बारे में पूछे गए प्रश्न पर सांसद ने कहा कि उनका इस्तीफा उनका व्यक्तिगत निर्णय है, लेकिन बिहार के विकास में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने सामाजिक न्याय, समानता और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में जो कार्य किए हैं, वे आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बने रहेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि आज के युवा नेता उनके आदर्शों को अपनाकर बिहार को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
इस अवसर पर समस्तीपुर की विधायक अश्वमेध देवी, डिप्टी मेयर राम बालक पासवान, जदयू जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय, लोजपा जिलाध्यक्ष हीरा सिंह, हम जिलाध्यक्ष धीरज ठाकुर, एनएचएआई के सहायक अभियंता संजीव वर्मा, मुन्ना पांडेय सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।