समस्तीपुर/उजियारपुर: उजियारपुर से शाहपुर पटोरी तक नई रेल लाइन निर्माण और उजियारपुर रेलवे स्टेशन को जंक्शन का दर्जा देने की मांग अब तेज होने लगी है।
स्थानीय लोगों के साथ-साथ विभिन्न राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधि भी इस मुद्दे को लेकर मुखर हो गए हैं।
समस्तीपुर-बरौनी रेलखंड के बीच स्थित उजियारपुर रेलवे स्टेशन लंबे समय से उपेक्षा का शिकार बना हुआ है। यात्रियों को यहां बुनियादी सुविधाओं की कमी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे लोगों में नाराजगी है।
स्थानीय नेताओं में कृष्ण कुमार सहनी, राजेश्वर महतो सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने कहा कि उजियारपुर को सरायरंजन और मोरवा होते हुए पटोरी स्टेशन से जोड़ दिया जाए तो क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।
इससे हाजीपुर और पटना तक की दूरी कम होगी और यात्रा आसान हो जाएगी।

नेताओं का कहना है कि नई रेल लाइन बनने से किसानों और व्यवसायियों को भी बड़ा लाभ मिलेगा। उत्पादों के परिवहन में आसानी होगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
इस मांग को लेकर जल्द ही सर्वदलीय बैठक आयोजित कर रेल मंत्री को ज्ञापन सौंपने की योजना है। इससे पहले स्थानीय प्रतिनिधियों ने सोनपुर मंडल के रेल प्रबंधक को भी मांग पत्र भेजा है।
मांग पत्र में उजियारपुर स्टेशन के सौंदर्याकरण, जर्जर फुट ओवरब्रिज के पुनर्निर्माण, बंद गुमटी पर नए फुट ओवरब्रिज के निर्माण, फाटक संख्या 44 पर आरओबी निर्माण और रेलवे की अतिक्रमित भूमि को खाली कराने जैसी प्रमुख मांगें शामिल हैं।
स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि इन मांगों पर अमल होता है तो क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और उजियारपुर एक महत्वपूर्ण रेल हब के रूप में उभर सकता है।