पटना: राजधानी के व्यस्ततम रेलवे स्टेशन पटना जंक्शन पर शनिवार सुबह रेलवे बोर्ड की विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक टीटीई को फर्जी ईएफटी (एक्सेस फेयर टिकट) के साथ पकड़ लिया।
आरोपित टीटीई की पहचान अंकित कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो पटना जंक्शन पर पदस्थापित है। फर्जी ईएफटी से रेलवे के राजस्व को नुकसान पहुंच रहा था। जानकारी के अनुसार, विजिलेंस टीम ने प्लेटफार्म नंबर एक पर औचक छापेमारी की।
इस दौरान टीटीई अंकित कुमार सिंह के पास से भारी मात्रा में संदिग्ध और फर्जी ईएफटी बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में इन टिकटों के दुरुपयोग और अवैध वसूली की आशंका जताई जा रही है।

दानापुर रेलमंडल के सीनियर डीसीएम अभिनव सिद्धार्थ ने कार्रवाई की पुष्टि की। रेलवे ने मामले को गंभीरता से लिया है। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर संबंधित टीटीई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
रेलवे सूत्रों के मुताबिक, फर्जी ईएफटी के इस्तेमाल की शिकायत लगातार मिल रही थी, जिसके आधार पर विजिलेंस टीम ने यह छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान स्टेशन पर मौजूद अन्य रेलकर्मियों में हड़कंप की स्थिति बन गई।
वहीं, विजिलेंस टीम की विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद आरोपित के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी, जिसमें सेवा से बर्खास्तगी भी शामिल हो सकती है।