पटना: बिहार दिवस के अवसर पर रविवार को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में तीन दिवसीय मुख्य समारोह का आगाज होगा।गांधी मैदान के आयोजन स्थल पर शिक्षा, कला-संस्कृति और नवाचार के भव्य उत्सव का नजारा होगा।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शाम साढ़े पांच बजे मुख्य मंच से बिहार दिवस समारोह का उद्घाटन करेंगे।उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा विशिष्ट अतिथि होंगे। शिक्षा मंत्री सुनील कुमार कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
समारोह की तैयारियों को लेकर शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेन्दर अपनी पूरी टीम के साथ शनिवार को गांधी मैदान में जमे रहे, निरीक्षण करते रहे और आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे।
शिक्षा विभाग के तमाम पदाधिकारियों की तैनाती गांधी मैदान में आयोजन स्थल पर की गई है। 24 मार्च तक होने वाले समारोह में विभिन्न विभागों के पंडाल और स्टाल लगाये गए हैं, जहां जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

बिहार की ऐतिहासिक यात्रा की झलक:
‘उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार’ थीम पर आधारित बिहार दिवस समारोह में राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया गया है। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ना है।
बिहार अपने 114वें स्थापना दिवस को इस वर्ष अभूतपूर्व उत्साह और भव्यता के साथ मना रहा है। 22 मार्च 1912 को बिहार को बंगाल प्रेसीडेंसी से अलग कर एक स्वतंत्र प्रांत का गठन किया गया था।
इसी ऐतिहासिक अवसर को स्मरण करते हुए राज्य सरकार ने उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार थीम के अंतर्गत तीन दिवसीय समारोह का आयोजन किया है।
श्रीकृष्ण मेमोरियल हाल और रविन्द्र भवन में भी सांस्कृतिक कार्यक्रम:
मुख्य आयोजन स्थल गांधी मैदान के अलावा श्रीकृष्ण मेमोरियल हाल और रविन्द्र भवन में भी सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। रविवार को गायिका सोना मोहपात्रा, सोमवार को गायक शान और मंगलवार को गायक पापोन गांधी मैदान में प्रस्तुति देंगे।