समस्तीपुर: समस्तीपुर जंक्शन पर यात्रियों से ठगी और मोबाइल चोरी की बढ़ती घटनाओं के बीच रेल पुलिस ने जंक्शन परिसर से एक शातिर मोबाइल लिफ्टर को गिरफ्तार किया है, जो यूपीआई भुगतान के बहाने यात्रियों को झांसे में लेकर मोबाइल छीनकर फरार हो जाता था।
गिरफ्तार युवक की पहचान मो. शब्बीर के रूप में हुई है, जो पूछताछ में स्वयं को दिल्ली का रहने वाला बताया है। रेल पुलिस के अनुसार, आरोपी ठगी के लिए एक अनोखा तरीका अपनाता था।
वह अपने पास सादा कागज का नोट साइज का एक गड्डी रखता था, जिसके एक तरफ 500 रुपये का नोट लगा रहता था। इसी गड्डी को दिखाकर वह यात्रियों को भरोसे में लेता था और यूपीआई के माध्यम से पैसे भेजने का आग्रह करता था।

जैसे ही यात्री मोबाइल लेकर यूपीआई ट्रांजेक्शन की प्रक्रिया शुरू करता, आरोपी उसका पिन देख लेता और मौका मिलते ही मोबाइल छीनकर फरार हो जाता था।
रेल थाना अध्यक्ष बीरबल कुमार ने बताया कि जंक्शन पर संदिग्ध गतिविधि की सूचना के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को जंक्शन परिसर से गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है और उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा, यह भी पता लगाया जा रहा है कि वह इससे पहले कितनी घटनाओं को अंजाम दे चुका है तथा किसी संगठित गिरोह से उसका संबंध है या नहीं।
रेल पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वे जंक्शन परिसर में अनजान व्यक्तियों को अपना मोबाइल न दें और यूपीआई लेन-देन के दौरान पूरी सतर्कता बरतें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत रेल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।