समस्तीपुर/विभूतिपुर: विभूतिपुर थाना क्षेत्र के भुसवर पंचायत अंतर्गत शाहपुर वार्ड 12 में रविवार सुबह घरेलू कलह से तंग आकर एक विवाहिता ने अपने शरीर में आग लगा ली।
गंभीर रूप से झुलसी महिला का उपचार दलसिंहसराय स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है। बताया जाता है कि घर के भीतर किचन से धुआं उठता देख परिजन व आसपास के लोग सक्रिय हुए।
मुख्य दरवाजा बंद रहने के कारण लोगों ने वैकल्पिक तरीके से गेट खोलकर भीतर प्रवेश किया और महिला को बाहर निकालकर तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
घटना के संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि विवाहिता के साथ ससुराल पक्ष द्वारा अक्सर अमानवीय व्यवहार किया जाता था। उसे घर में रहने तथा निजी कार्य करने की भी स्वतंत्रता नहीं थी।

रविवार सुबह भी सास द्वारा गाली-गलौज व मारपीट किए जाने तथा ससुर द्वारा मौन समर्थन दिए जाने की बात सामने आई है। इसके बाद विवाहिता अपने झोंपड़ीनुमा घर से निकलकर पक्के मकान में गई और शरीर में आग लगा ली।
धुआं उठता देख लोगों ने पीछे के रास्ते से घर में प्रवेश कर उसे बाहर निकाला। ग्रामीणों के अनुसार चेहरा छोड़कर शरीर के अन्य हिस्से बुरी तरह झुलस गए हैं।
झुलसी महिला की पहचान गांव निवासी टूना ईसर की पुत्रवधू व संतन कुमार ईसर की पत्नी स्वीटी कुमारी के रूप में की गई है। उसे दो पुत्रियां हैं।
बताया जाता है कि उसका पति परदेश में रहता है। स्थानीय लोगों के बीच यह भी चर्चा रही कि उसे आवश्यक घरेलू सामान भी पर्याप्त रूप से उपलब्ध नहीं कराया जाता था।
थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा ने बताया कि दिवा गश्ती के दौरान सूचना मिलने पर एएसआई प्रमोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। मामले की जानकारी ली जा रही है तथा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।