समस्तीपुर/विभूतिपुर: पैसा दोगुना करने का झांसा देकर एक महिला से लाखों रुपये ठगने और बाद में उसके साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपित पिंकू पासवान को गिरफ्तार कर लिया है।
समस्तीपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली पीड़िता ने स्थानीय थाने में दर्ज प्राथमिकी में बताया है कि करीब एक साल तीन महीने पहले माधोपुर वार्ड संख्या आठ निवासी जय नारायण पासवान के पुत्र पिंकू पासवान ने उसे नेटवर्क मार्केटिंग से जोड़ा था। उसने 10 महीने में पैसा दोगुना करने का लालच दिया था।
आरोपित के झांसे में आकर महिला ने अपनी जमीन बेचकर चार लाख रुपये उसे दे दिए। इसके बाद उसने अपनी गोतनी को भी योजना से जोड़ा, जिससे आरोपित ने और पैसे वसूले।
प्रसाद खिलाकर किया दुष्कर्म:
पीड़िता के अनुसार, जब 10 महीने पूरे हो गए और उसने अपना पैसा वापस मांगा, तो आरोपित एक दिन उसके घर प्रसाद लेकर पहुंचा।
खाने के बाद महिला बेहोश हो गई। इसी दौरान आरोपित ने उसके साथ दुष्कर्म किया और आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिया।

इसके बाद आरोपित ने वीडियो को इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया और महिला को ब्लैकमेल करने लगा। वह लगातार उसे धमकाता रहता था कि वीडियो सार्वजनिक कर देगा।
यूट्यूबर पर भी होगी कार्रवाई:
आरोप है कि आरोपित ने वीडियो को यूट्यूब पर भी अपलोड किया, जिसे एक न्यूज कंटेंट बनाने वाले चैनल पर प्रसारित किया गया। इस मामले में पुलिस अब वीडियो प्रसारण में सहयोग करने वाले एक यूट्यूबर के खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
आरोपी भेजा जाएगा जेल:
थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ अपराध और साइबर ब्लैकमेलिंग को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।