समस्तीपुर/रोसड़ा: थाना क्षेत्र के मब्बी ढाला के समीप बुधवार की सुबह अरहर के खेत में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान लरझाघाट थाना क्षेत्र के छेछनी गांव निवासी स्वर्गीय लक्ष्मी राउत के पुत्र टुनटुन यादव (42) के रूप में हुई है। वह पेशे से अमीन थे।
बताया जाता है कि टुनटुन यादव रोसड़ा के शारदानगर मोहल्ले में मकान बनाकर रहते थे और मापी कार्य के सिलसिले में रोसड़ा से बिथान तक नियमित रूप से आते-जाते थे। मंगलवार को भी वह बाइक से काम के लिए निकले थे, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटे।
इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की और बिथान व रोसड़ा समेत आसपास के इलाकों में खोजबीन की। जब कोई सुराग नहीं मिला तो लरझाघाट थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई।
इसी बीच बुधवार की सुबह मब्बी ढाला के पास अरहर के खेत में एक शव पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे स्वजनों ने शव की पहचान टुनटुन यादव के रूप में की।

उनके गले में गमछा कसकर बंधा हुआ था, जिससे गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस का मानना है कि साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को खेत में फेंका गया होगा।
सूचना मिलने पर रोसड़ा थानाध्यक्ष लालबाबू कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संजय कुमार सिन्हा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर मामले की छानबीन कर रही है। मृतक का मोबाइल फोन और बाइक अब तक बरामद नहीं हो सके हैं, जिससे घटना को लेकर संदेह और गहरा गया है।
घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।