सासाराम: सोमवार से जिले में होने वाली इंटरमीडिएट की परीक्षा को कदाचारमुक्त संपन्न कराने की प्रशासनिक तैयारी पूरी कर ली गई है। 13 फरवरी तक होने वाली यह परीक्षा 69 केंद्रों पर होगी, जिसमें 46270 परीक्षार्थी शामिल होंगे।

दो पाली में होने वाली परीक्षा में 22268 बालक व 24002 बालिका शामिल होंगी। रविवार को परीक्षार्थी अपने-अपने केंद्र का भ्रमण कर वहां की स्थिति से अवगत होने का काम किया।

वीक्षण कार्य में लगने वाले शिक्षक भी आवंटित केंद्र पर योगदान करने में व्यस्त रहे। दंडाधिकारी केंद्र का दौरा कर वहां की तैयारियों का जायजा लिया। इस बार परीक्षार्थियों को चप्पल पहनकर ही परीक्षा देने जाना होगा।

कारण कि बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने जूता-मोजा पहनकर परीक्षा देने जाने पर रोक लगा दिया है। शांतिपूर्ण व कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए 125 स्टैटिक दंडाधिकारी, 29 गश्ती दल दंडाधिकारी, 14 जोनल दंडाधिकारी व 10 सुपर जोनल दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है।

पहले दिन पहली पाली में विज्ञान के छात्र-छात्रा बायोलॉजी, कला के दर्शन शास्त्र, दूसरी पाली में कला व वाणिज्य संकाय के परीक्षार्थी अर्थशास्त्र विषय की परीक्षा देंगे।

चारदीवारी फांदने वाले परीक्षार्थी होंगे वंचित:

डीईओ मदन राय ने बताया कि शनिवार से जिले के 69 केंद्रों पर इंटरमीडिएट की परीक्षा प्रारंभ होगी। परीक्षा को कदाचारमुक्त संपन्न कराने की तैयारी पूरी कर ली गई है।

पहली पाली सुबह 09.30 से दोपहर 12.45 तथा दूसरी पाली दोपहर बाद दो से शाम 5.15 बजे तक होगी। सासाराम में 30, डेहरी में 16 तथा बिक्रमगंज अनुमंडल क्षेत्र में 23 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।

परीक्षा प्रारंभ होने से एक घंटा पहले परीक्षार्थियों का प्रवेश प्रारंभ कराया जाएगा, जबकि परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले प्रवेश गेट को बंद कर दिया जाएगा।

चारदीवारी फांद कर परीक्षा केंद्र के अंदर जाने वाले परीक्षार्थी दो वर्ष तक परीक्षा से निष्कासित माने जाएंगे। सघन जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को अंदर जाने की अनुमति देने का निर्देश स्टैटिक दंडाधिकारी व केंद्राधीक्षकों को दिया गया है।

ठंड के मौसम को देखते हुए परीक्षा समिति ने फिलहाल पांच फरवरी तक जूता-मोजा पहनकर परीक्षा देने की अनुमति दी है। उसके बाद मौसम की स्थिति को देखते आगे का निर्णय लिया जाएगा।

मोबाइल-कलकुलेटर ले जाने पर होगी कार्रवाई:

जिला शिक्षा पदाधिकारी ने कहा कि मोबाइल, कलकुलेटर समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान व चीट पुर्जा ले जाने वाले परीक्षार्थियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिस केंद्र पर पांच सौ परीक्षार्थी हैं, वहां एक, एक हजार तक परीक्षार्थी वाले केंद्र पर दो तथा उससे अधिक परीक्षार्थी वाले केंद्र पर तीन स्टैटिक दंडाधिकारी तैनात किए गए हैं।

उनके साथ पुलिस पदाधिकारी व पर्याप्त संख्या में सुरक्षा कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। सीसीटीवी को पूरी तरह से क्रियाशील रखने व गाइडलाइन के अनुरूप परीक्षार्थियों को बैठने के पर्याप्त संख्या में बेंच डेस्क की व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया गया है।

परीक्षार्थियों का दो लेयर में फ्रिस्किंग होगा। प्रथम लेयर में मुख्य गेट पर एवं दूसरे लेयर में परीक्षा कक्ष के अंदर। द्वितीय लेयर की फ्रिस्किंग के लिए प्रत्येक 25 छात्र पर एक वीक्षक दिया जाएगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top