समस्तीपुर: मुजफ्फरपुर के बाद अब समस्तीपुर सिविल कोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी मिलने से प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
बुधवार को जिला जज के आधिकारिक ईमेल पर धमकी भरा संदेश मिलने के बाद तुरंत सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया।
सूचना मिलते ही डॉग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा और पूरे कोर्ट परिसर की गहन जांच शुरू कर दी गई।
एहतियातन न्यायालय परिसर को खाली कराया गया और आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई।
आनन-फानन में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक समेत कई वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी कोर्ट पहुंचे।

सदर डीएसपी संजय कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चप्पे-चप्पे पर तलाशी अभियान चलाया।
काफी देर तक चली सघन जांच के बाद फिलहाल कहीं से भी कोई संदिग्ध वस्तु या बम बरामद नहीं हुआ है।
हालांकि, सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए कोर्ट परिसर में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है।
प्रशासन का कहना है कि धमकी भरे ईमेल की जांच साइबर सेल द्वारा कराई जा रही है। भेजने वाले की पहचान करने के लिए तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सहयोग बनाए रखने की अपील की है।