समस्तीपुर: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी समृद्धि यात्रा के तहत गुरुवार को समस्तीपुर पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रशासन अब मुख्यमंत्री के आगमन का इंतजार कर रहा है।

मुख्यमंत्री सुबह 10.25 बजे सरायरंजन स्थित अभियांत्रिकी महाविद्यालय पहुंचेंगे, जहां वे नवनिर्मित भवन का उद्घाटन व निरीक्षण करेंगे। इसके साथ ही कॉलेज में हुए नवाचारों को देखेंगे और विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लेंगे।

इसके बाद मुख्यमंत्री विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और कार्यारंभ करेंगे। वे कार्यक्रम स्थल पर लगे विभिन्न विभागों के स्टालों का निरीक्षण भी करेंगे।

करीब 10.55 बजे वे हेलीकॉप्टर से समस्तीपुर के लिए रवाना होंगे और जितवारपुर हाउसिंग बोर्ड मैदान में बने हेलीपैड पर उतरेंगे। वहां से वे कारकेट के माध्यम से हकीमाबाद पहुंचकर पुल का निरीक्षण करेंगे।

इसके बाद सुबह 11.05 बजे से पदाधिकारियों के साथ समीक्षात्मक बैठक करेंगे। बैठक में सात निश्चय योजना के पार्ट-1, पार्ट-2 और पार्ट-3 की प्रगति व उपलब्धियों की समीक्षा की जाएगी।

करीब 11.30 बजे मुख्यमंत्री जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम समाप्ति के बाद दोपहर 12.30 बजे वे पटना के लिए रवाना हो जाएंगे।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम:

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिले के विभिन्न स्थानों पर 320 दंडाधिकारी और 320 पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा बड़ी संख्या में पुलिस बल की भी व्यवस्था की गई है।

सुरक्षा के मद्देनजर कई स्थानों पर ड्राप गेट लगाए गए हैं और पांच जगहों पर पार्किंग स्थल बनाए गए हैं, जिनमें वीवीआईपी पार्किंग भी शामिल है।

यातायात व्यवस्था में बदलाव:

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सुबह आठ बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक बाइपास सड़क पर यातायात बंद रहेगा। आमजन गोला रोड का उपयोग कर सकते हैं।

वहीं चांदनी चौक से हाउसिंग बोर्ड की ओर जाने वाली सड़क पर भी आवागमन बंद रहेगा। इसके लिए मालगोदाम चौक होते हुए स्टेशन रोड जाने की व्यवस्था की गई है।

यातायात डीएसपी आशीष राज ने आम लोगों से पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

पदाधिकारियों को सख्त निर्देश:

जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा और एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने कार्यक्रम से पहले सभी पदाधिकारियों की ब्रीफिंग की। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने-अपने तैनाती स्थल पर समय पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।

अधिकारियों ने स्पष्ट कहा है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top