समस्तीपुर: बूढ़ी गंडक नदी पर हकीमाबाद और नागरबस्ती के बीच बन रहा बहुप्रतीक्षित पुल वर्ष के अंत तक तैयार होने की संभावना है। पुल निर्माण का कार्य तेजी से प्रगति पर है और सभी पिलर खड़े हो चुके हैं। वर्तमान में पुल के ऊपरी ढांचे का निर्माण कार्य जारी है।
इस महत्वपूर्ण परियोजना का निर्माण कार्य बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड द्वारा कराया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, तय समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि जल्द से जल्द इसे आम लोगों के लिए खोल दिया जा सके।
पुल के बनकर तैयार होने से हकीमाबाद, नागरबस्ती सहित आसपास के इलाकों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। खासकर दरभंगा जाने वाले यात्रियों के लिए यह पुल बेहद सहूलियत भरा साबित होगा। अभी लोगों को वैकल्पिक और लंबा रास्ता अपनाना पड़ता है, जिससे समय और ईंधन दोनों की बर्बादी होती है।
पुल के निर्माण से आवागमन सुगम होगा, व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और शहर के यातायात दबाव में भी कमी आएगी। वर्षों से प्रतीक्षित यह पुल अब आकार ले चुका है और साल के अंत तक इसके पूरा होने से समस्तीपुर को एक नई कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है।
बूढ़ी गंडक नदी पर बन रहा यह पुल 11 पाया होगा। पहले इस पुल के निर्माण को लेकर 9 पाया का प्रस्ताव था, लेकिन बीच में दो पाया बढ़ाए जाने से पुल की लंबाई भी अब 400 मीटर हो गई है। पहले यह 336 मीटर लंबा था। निर्माण पर करीब 47 करोड़ रुपए खर्च होंगे।
इस पुल के निर्माण से करीब पांच दर्जन से अधिक गांव में आवागमन की सुविधा सहुलियत भरी होगी। वहीं, वारिसनगर और जितवारपुर प्रखंड के दो लाख की आबादी को इसका सीधा फायदा मिलेगा।

बाजार समिति तक पहुंचने वाले किसानों को मिला अधिक फायदा:
उजियारपुर और अंगारघाट इलाके के किसानों को मथुरापुर घाट स्थित सब्जी मंडी तक आना-जाना आसान हो जाएगा। अभी मंडी तक पहुंचने वाले किसानों को शहर से होकर गुजरना पड़ता है। इसमें दिन के समय सड़क की जाम का सामना करना पड़ता है। वही पुल के चालू होने बाद वे सीधे मथुरापुर तक आसानी से पहुंच पाएंगे।
इसके अलावा बेगूसराय से दरभंगा जाने वाले लोगों को भी शहर में बिना एंट्री किए जितवारपुर-इलमासनगर-मन्नीपुर होते हुए सीधा मुक्तापुर चले जाएंगे। इससे करीब 15 किलोमीटर की दूरी कम हो जाएगी।
पुल निर्माण का काम तेज गति से चल रहा है। ऊपरी ढांचे का काम जारी है। साथ ही बाद में शुरू हुई दो पिलर का काम भी चल रहा। सभी चीजें तय समय पर पूरी होती रही तो इस वर्ष के अंत तक पुल का निर्माण पूर्ण कर लिया जाएगा। – भानू सिंह, अभियंता, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम।